सोनभद्र। कोरोना पॉजिटिव मिले एक और मरीज की कोविड केयर सेंटर लेबल-1 में इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो र्गई। इसके अलावा जिले में रविवार को 12 महिलाओं समेत 41 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही अब तक संक्रमित मिले लोगों की संख्या 3193 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 44 मरीज रविवार को इलाज के बाद स्वस्थ घोषित किए गए।
अब स्वस्थ होने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2900 हो गई है। रविवार को 41 और कोरोना संक्रमित मिलने पर जिले में एक्टिव मामले में 251 हो गए हैं। उधर, चिकित्सकों की टीमें रविवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों तथा कैंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1137 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1196 लोगों की रविवार को रिपोर्ट भी आई। जिसमें 41 पाजिटिव और 1155 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 125481 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 123949 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 3193 पाजिटिव और 120756 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1532 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रविवार को 41 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 251 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से 12 की मौत सोनभद्र और 30 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि रविवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।