नाराज पति चढ़ा बिजली के खंभे पर
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले की घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बेलवनिया गांव में मंगलवार को अपनी पत्नी की विदाई कराने गया मध्य प्रदेश निवासी पति ने उस समय विद्युत पोल पर चढ़कर ड्रामा करना शुरू कर दिया, जब ससुराल वालों ने विदाई से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। करीब एक घंटे के बाद पहुंची पुलिस ने जब समझाया और विदाई कराने का आश्वासन दिया, तब उतरा। इस बीच करीब दो घंटे का समय बीत गया।
ग्राम प्रधान बेलवनिया प्रीतनारायण सिंह ने बताया कि पति सोमवार की शाम को ही पत्नी की विदाई कराने आया था। मंगलवार को दोपहर बाद जब उसने विदाई के लिए कहा तो ससुराल वालों ने इनकार कर दिया। उनका कहना था कि गौना अभी नहीं हुआ है लिहाजा विदाई नहीं हो सकती।
इससे नाराज होकर रसोले गांव के बिजली के खंभे पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। संयोग अच्छा था कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। ग्रामीणों की बात जब नहीं मानी, तो पुलिस को फोन किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विदाई कराने का आश्वासन देकर खंभे से उतारा।