ओबरा। स्थानीय परियोजना कालोनी के सेक्टर आठ में स्थित एक आवास में सोमवार को एक किशोर ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। घटना की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ओबरा आकाशवाणी केंद्र के सामने सेक्टर आठ निवासी शरद यादव (15) स्व. हरिनाथ यादव ने सोमवार को दोपहर बाद अपने घर में दरवाजे के उपरी हिस्से में गमछा के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर में कोई सदस्य नहीं था। शरद की मां स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं और वह फील्ड में कहीं गई थी। जबकि मृतक का भाई भी घटना के वक्त घर में नहीं था। जब भाई घर लौटा तो उसने शरद का शव लटकता देख चीखना शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस शरद के शव को लेकर ओबरा परियोजना चिकित्सालय पहुंची जहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
घटना की जानकारी देते हुए एसआई विजय सिंह ने बताया कि शरद यादव पुत्र स्व. हरिनाथ यादव निवासी आकाशवाणी केंद्र के सामने सेक्टर आठ अपने घर के दरवाजे के ऊपरी हिस्से में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। माता व भाई की स्थिति ठीक नही होने से सही जानकारी अभी नही मिल पाई है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। बताया जाता है कि मृतक की मां स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत है। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। ओबरा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।