खलियारी। रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी गांव के समीप बृहस्पतिवार को पन्नूगंज थानाध्यक्ष ने बिहार जा रहे मवेशियों से भरे पिकअप के टायर में गोली मारकर पंक्चर कर दिया। इसके बाद भी पशु तस्कर मवेशियों से भरे वाहन को लेकर फरार हो गए।
पन्नूगंज थानाध्यक्ष को बृहस्पतिवार की सुबह सूचना मिली कि पशु तस्कर पिकअप से पशुओं को बिहार ले जा रहे हैं। इसके बाद थानाध्यक्ष भुवनेश्वर पांडेय पुलिस बल के साथ सौली गांव के पास मवेशियों से भरे दो वाहनों को रोकने का प्रयास किया लेकिन पशु तस्कर नहीं रुके और फरार हो गए। उन्होंने ने थाना रायपुर पुलिस को सूचना देते हुए पीछा करते खलियारी पहुंचे। खलियारी बाजार पार होते ही पन्नूगंज एसओ ने पशुओं से भरे पिकअप को रोकने के लिए दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने से मवेशियों से भरी पिकअप का टायर पंक्चर हो गया। इसके बाद भी चालक गाड़ी लेकर बिहार में प्रवेश कर गया।