ओबरा पीजी कालेज में शपथ लेते नवनिर्वाचित विजयी छात्र संघ के पदाधिकारी
- फोटो : sonbhadra
ओबरा पीजी कालेज का छात्रसंघ चुनाव बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। शाम करीब पौने छह बजे नतीजे घोषित हुए। इसमें अमरेश यादव अध्यक्ष, दीपक कुुमार उपाध्यक्ष और अनिकेत श्रीवास्तव महामंत्री निर्वाचित घोषित किये गए। प्राचार्य डॉ. इंद्र बहादुर सिंह ने विजेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बुधवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में 2747 मतदाताओं में से 1880 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह से ही छात्र-छात्राओं में वोटिंग के लिए भारी उत्साह दिखा। देर शाम तक चली मतगणना में अध्यक्ष पद के लिए अमरेश यादव को निर्वाचित घोषित किया गया। कालेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमरेश यादव ने 728 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शशांक शुक्ला को 54 मतों से पराजित किया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए दीपक कुमार ने 475 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी जुबेर अहमद को 11 मतों से पराजित किया।
महामंत्री पद के लिए अनिकेत श्रीवास्तव ने 685 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवम सिन्हा को 48 मतों से हराया। पुस्तकालय मंत्री पद के लिए कुमार सौरभ सिंह ने 707 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय कुमार गुप्ता को 263 मतों से हराया। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के लिए रोशनलाल नेहरा ने 255 मत पाकर संतलेश कुमार को 135 मतों से हराया। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए अंकित कुमार ने 459 मत पाकर प्रदीप कुमार को 186 मतों से पराजित किया।
वहीं वाणिज्य संकाय के लिए आकाश यादव ने 261 मत पाकर सुमित चौधरी को 93 मतों से हराया। परिणामों की घोषणा के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रबहादुर सिंह ने विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ ही उन्हें छात्रसंघ के नियमों का अनुशासन पूर्वक पालन करने की नसीहत दी। चुनाव अधिकारी डा.रमेश कुमार सिंह ने सकुशल चुनाव संपंन होने पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। एसडीएम सदर अशोक कुमार यादव, क्षेत्रीय लेखपाल राजेश कुमार मिश्रा मौजूद रहे।