भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से शुक्रवार की शाम सोनिया और राहुल गांधी का पुतला फूंकने पर कांग्रेसियाें ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। शनिवार को जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और पुतला फूंकने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाल बढ़ौली चौराहे पर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो तीखी नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
कहा कि ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं को आगे कर फर्जी मुकदमे और झूठे चार्जशीट पेश कर रही है। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि राहुल गांधी किसानों, नौजवानों, मजदूरों, महिलाओं के अधिकार के लिए लड़ रहे हैं। इससे भाजपा सरकार बौखलाई हुई है।
शहर अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का पुतला फूंकने वाले भाजपाइयों पर केस दर्ज नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बढ़ौली चौराहे पर एएसपी कालू सिंह, सीओ राहुल पांडेय, डॉ. चारू द्विवेदी, राज सोनकर, कोतवाल सत्येंद्र राय सहित भारी फोर्स तैनात रही।
जुलूस लेकर चौराहे की तरफ बढ़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकना चाहा तो वह उनसे भिड़ गए। नोकझोंक के बाद एएसपी को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे, कमलेश ओझा, शत्रुंजय मिश्रा, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, जगदीश मिश्रा, बृजेश तिवारी, दयाशंकर पांडेय, बाबूलाल पनिका, राकेश मिश्रा आदि शामिल रहे।