स्थानीय थाने के बगल से गुजरने वाली रेलवे स्टेशन रोड गड्ढे में तब्दील हो गई है। सड़क पर नाली का पानी जमा होने से इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों, छात्र-छात्राओं को दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया।
रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरने वाली रेलवे स्टेशन रोड लगभग एक किमी तक कई महीनों से जर्जर है। जलनिकासी का समुचित इंतजाम न होने से नाली का गंदा पानी निकालकर रोड पर जमा होने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना उठाना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या हल न होने से नाराज ग्रामीणों ने बूटबेढ़वा ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य संतोष कुमार चंद्रवंशी उर्फ पल्लू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि गत वर्ष ही इस मार्ग पर कार्यदाई संस्था ने मरम्मत का काम कराया था, मगर घटिया काम के कारण एक तरफ से सड़क बनी तो दूसरी तरफ से उखड़ गई। कार्य के दौरान भी लोगों ने विरोध किया, मगर ठेकेदार ने किसी की नहीं सुनी। ओम चंद्रवंशी, दूदुन चंद्रवंशी आदि ने कहा कि इसी रोड पर अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष के निवास के अलावा भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज भी स्थित है। रोजाना रेल यात्रा भी यहीं से होकर गुजरते हैं। बावजूद इसकी सुध न लेना चिंताजनक है। प्रदर्शन में रामचंद्र, रमेश कुमार, महेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, संतोष कुमार, विकास कुमार, धर्मेंद्र कुमार आदि शामिल रहे। ----