चोपन थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पटवध के बसकटवा टोले में पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ध्वस्त है। टोले में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इस कारण पूरा लोड नहीं ले पा रहा। दुर्व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत उपकेंद्र सलखन का घेराव किया। जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि भीषण गर्मी में पिछले एक सप्ताह से हम लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। बिजली निगम के कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे।उपकेंद्र पर पहुंचने पर जेई नहीं मिले। ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कहा कि जब तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जाता तब तक हम लोग यहीं पर धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। प्रदर्शन में अमरजीत सिंह उर्फ बल्लू, सत्येंद्र मौर्य, कल्लू गुप्ता, धर्मेंद्र कुशवाहा, राकेश कुशवाहा, आशुतोष गुप्ता, फुलेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।