भीषण गर्मी में हो रही भयंकर विद्युत कटौती लोगों को तड़पा रही। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने रविवार की दोपहर इस कटौती के खिलाफ राबर्ट्सगंज के उत्तर मोहाल में विरोध प्रदर्शन किया और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का पुतला फूंका। सभा कर प्रदेश सरकार की कथनी और करनी पर सवाल खड़ा किये।
हिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष सरिता श्रीवास्तव की अगुवाई में सड़क पर उतरी महिलाओं ने यूपी की समाजवादी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यहां हुई सभा में सरिता ने कहा कि मुख्यमंत्री गांवों और शहरों में बेहतर विद्युत आपूर्ति का झूठा राग अलाप रहे हैं। सच्चाई यह है कि शहरी इलाकों में तो क्या ग्रामीण इलाकों तक में भयंकर विद्युत कटौती की जा रही है।
तापमान जैसे- जैसे बढ़ रहा है वैसे-वैसे विद्युत व्यवस्था की कलई खुल रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि सर्वाधिक उत्पादन करने वाला जिला भयंकर विद्युत कटौती का दंश झेल रहा है। जबकि यहां की बिजली से प्रदेश के कुछ खास हिस्से जो मुख्यमंत्री का क्षेत्र कहा जाता है, वहां 24 घंटे बिजली मिल रही है।
प्रदेश सचिव पूजा द्विवेदी ने कहा कि यूपी की सरकार का बिजली व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। अधिकारी मनमाना कटौती करा रहे हैं और शासन को बेहतर आपूर्ति की बात बता रहे हैं। उन्होंने चेताया कि यदि जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सही नहीं की गई तो महिलाएं आंदोलन करने को विवश होंगी।
प्रदर्शन में ममता श्रीवास्तव, अनिता गुप्ता, शीला केशरी, उर्मिला गुप्ता, रूपाली मिश्रा, चंचला सोनी, रागिनी सिंह, नमिता, अमिता सोनी, शीला उपाध्याय, वंदना द्विवेदी, कीर्ति द्विवेदी, निधि केशरी, सबीना खातून, कीर्ति पांडेय मौजूद रहीं।