दुद्धी। बाजार में मेन चौक श्री संकट मोचन मंदिर के सामने टिपर ने तीन वर्षीय अयान गुप्ता की जान ले ली। दादी के साथ बाजार में खरीदारी करने गया मासूम टिपर की चपेट में आ गया।
कोतवाली क्षेत्र के पिपरडीह गांव निवासी सुनील गुप्ता का पुत्र अयान गुप्ता (3) दादी के साथ बाजार आया था। दादी के साथ मार्केट में खरीदारी करने के दौरान आइसक्रीम खा रहा था। श्री संकट मोचन मंदिर के ठीक सामने अयान अचानक सड़क पर आ गया। पीछे से आ रही गिट्टी लदे टिपर ने बच्चे को कुचल दिया। इसके बाद भीड़ जुट गई। कोतवाली पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए घायल मासूम को सीएचसी दुद्धी भेजा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चालक को पकड़ लिया गया है। टिपर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
आइसक्रीम लेकर बाल कटवाने जा रहा था अयान
दादा सूरजमन ने बताया कि दादी लालती देवी के साथ सुनील के दोनों बच्चे रोशन (5) और अयान (3) के साथ बाजार में घरेलू सामान की खरीदारी करने आए थे। बच्चों को आइसक्रीम खिलाने के बाद वह उनका बाल कटवाने नाई की दुकान पर जा रही थीं। उसी दौरान यह घटना हो गई। अयान अपने दादी-दादा के साथ घर में ज्यादा समय बिताता था।