सोनभद्र। सोनांचल संघर्ष वाहिनी (सोसंवा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने बुधवार को शक्तिनगर एसएचओ कुमुद शेखर सिंह के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। इस मामले में कोर्ट ने शक्तिनगर थाने से 13 जून को आख्या तलब की है।
रोशन लाल यादव ने कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में अवगत कराया कि लोक सेवक होकर भी शक्तिनगर एसओ कुमुद शेखर सिंह ने स्पीड पोस्ट 30 अप्रैल को लौटा दिया। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि ओबी कार्य में लगी निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए थाना प्रभारी ने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं किया। एनसीएल खड़िया परियोजना में काम कर रही निजी कंपनी के माध्यम से करीब एक हजार संविदा हेल्पर, चालक सहित अन्य पदों पर भर्ती होनी है। इसमें 80 प्रतिशत विस्थापित, प्रभावित और स्थानीय बेरोजगारों का चयन होना चाहिए। इसके लिए पूर्व में आदेश भी जारी है। लेकिन आदेश की अनदेखी कर बाहरी लोगों की भर्ती की जा रही है। इसके खिलाफ 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री, कोयला मंत्री समेत शक्तिनगर एसओ और उच्चाधिकारियों को स्पीड पोस्ट के जरिये शिकायती पत्र भेजा गया था। लेकिन शक्तिनगर एसओ ने प्रार्थना पत्र लेने से इन्कार कर दिया। इसके बाद कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया। इस मामले में कोर्ट ने 13 जून को शक्तिनगर थाने से आख्या तलब की है।