नगवां ब्लॉक क्षेत्र के दुबेपुर उपकेंद्र अंतर्गत खलियारी गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मुख्य सड़क मार्ग से सटे एक पक्के मकान पर अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिर गया, जिससे तार में आग लगने लगी।
मकान में मौजूद लोगों ने बाहर भागकर खुद को बचाया। स्थानीय निवासी और मकान मालिक सत्यनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि उनके घर के पास से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरता है। उन्होंने कई बार बिजली विभाग से तार हटवाने की शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
रविवार को तेज हवा में आवाज के साथ अचानक तार मकान पर गिर गया। जैसे ही लोगों ने तार गिरने और आग लगने की आवाज सुनी, सभी घर से बाहर निकलकर चिल्लाने लगे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत बिजली निगम के कर्मचारियों को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई।
ग्रामीणों का कहना है कि खलियारी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। अगर जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द हाईटेंशन तारों को हटाया जाए या स्थानांतरित किया जाए।