ग्राम पंचायत पांपी के कसया खुर्द गांव में तालाब सुंदरीकरण कार्य का बुधवार को शुभारंभ हुआ। भाजपा किसान मोर्चा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश मिश्र और हंसवाहिनी इंटर कॉलेज कसया के प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्र ने फावड़ा चलाकर अमृत सरोवर के लिए कार्य की शुरुआत की।
उन्होंने संयुक्त रूप से बताया कि साढ़े तेरह लाख रुपये की लागत से अमृत सरोवर का निर्माण होना है। तालाब के चारों ओर इंटरलॉकिंग की जाएगी। सीढ़ियां बनेंगी। तालाब के बीचोंबीच भीटे पर गेट बनेगा। वहां ध्वजारोहण करने के लिए चबूतरे का निर्माण किया जाएगा। तालाब के चारों तरफ फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे। पशुओं को पानी पीने के लिए पशु घाट बनेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान नागेंद्र मौर्य, ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश यादव, जेई राजमणी पाठक, रमाकांत मिश्र, पंचायत मित्र मेराज अहमद, संदीप कुमार, धर्मेश कुमार, राजन मिश्र, प्रमोद कुमार, गुलाब भारती आदि उपस्थित रहे।