घोरावल। नगर पंचायत में पेयजल की बड़ी समस्या के मद्देनजर को नगर पंचायत का चयन अमृत-2 में हुआ है। इसके तहत 18 करोड़ 46 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। पहली किस्त के रूप में 3.42 करोड़ रुपये अवमुक्त भी हो गए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि घोरावल नगर में गंभीर पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए शासन से समस्या समाधान की मांग की गई थी। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। नगरीय निकाय निदेशालय ने अमृत-2 योजना के तहत घोरावल नगर पंचायत का चयन किया है। 18.46 करोड़ रुपये की कार्ययोजना मंजूर करते हुए प्रथम किस्त जारी कर दी है।
योजना के तहत नगर पंचायत में चार ओवरहेड टैंक, 8 बोर, पंप हाउस और स्टील पाइप लाइन बिछाकर पूरे नगर में स्वच्छ पेयजल मुहैया कराया जाना है। नगर के पेयजल समाधान के लिए 18 करोड़ की स्वीकृत मिलने पर नगर पंचायत बोर्ड और स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव, सभासद मोहम्मद हनीफ, बच्चा कनौजिया, अवधेश कुमार, मोहम्मद नईम आदि उपस्थित रहे।