मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में लगे जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
सोनभद्र। मेडिकल काॅलेज अस्पताल आने वाले मरीजों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। दुर्व्यवस्था और लापरवाही के कारण रोजाना एंबुलेंस जाम में फंस रही है।
जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर मेडिकल काॅलेज स्थापित किया गया है। सेवाओं में बढ़ोतरी और चिकित्सकों की संख्या बढ़ने का लाभ भी मिल रहा है। इससे मरीजों व तीमारदारों की संख्या बढ़ने से यहां वाहनों की संख्या बढ़ी है। बाइकों के साथ ही ई-रिक्शा, कार सहित अन्य निजी वाहन इसमें शामिल हैं। लोगों का कहना है कि मेडिकल काॅलेज अस्पताल से संबद्ध जिला अस्पताल के सामने वाहनों की पार्किंग के लिए इंतजाम नहीं है। जहां-तहां वाहन खड़े होने से अक्सर जाम की स्थिति बन रही है। इस दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। इससे स्थिति असहज होती है। सोमवार को भी मरीजों और तीमारदारों को जाम से जूझना पड़ा। इससे व्यवस्था के प्रति नाराजगी देखने को मिली।