दुद्धी। सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। एक पखवाड़ा पहले बनीं सड़कों की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। क्षेत्रीय लोगों व भाजपा नेताओं ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग से मरम्मत के एक पखवाड़े के अंदर ही खराब हो रही सड़कों की जांच कराने की मांग की है।
क्षेत्र के अमवार पुलिस चौकी से परशुराम के घर तक, दिव्यांग स्कूल डूमरडीहा से बोदरहवा टोला संपर्क मार्ग एक पखवाड़ा पहले बनाया गया था। हरपुरा में सड़क लेपन का कार्य चल रहा है लेकिन तीनों सड़कों की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। मार्ग उबड़-खाबड़ गया है। इसके चलते आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेता मोहित अग्रहरि, सुभाष मौर्या आदि सड़क निर्माण कार्य के जांच की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता उदय कुमार का कहना था कि एक-दो दिन में इन सड़कों का मुआयना करेंगे। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।