अनपरा नगर निकाय क्षेत्र के वार्ड छह अटलनगर में महाविद्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग पर कराए जा रहे नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए वार्डवासियों ने विरोध जताया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। नाली में उचित ढलान नहीं होने से भविष्य में जलनिकासी की समस्या पैदा होने की आशंका भी जताई गई है।
वार्ड निवासी मनीष वैश्य, राम नायक वैश्य, विजयमल गिरी और रीता पांडेय ने बताया कि निर्माण की गुणवत्ता पर आपत्ति जताने के बावजूद काम जारी रखा गया। उनका कहना है कि मानकविहीन नाली बनने से बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ सकती है। लोगों ने जनसुनवाई के माध्यम से अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कराने और मानक के अनुरूप काम कराने की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई राम आसरे ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। गिरी के आवास के सामने वर्षों पुरानी दो पुलिया हैं। स्थानीय लोग इन्हें बंद कर जलनिकासी हाईवे की ओर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिया बंद करने के बाद पानी निकासी का कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। सड़क के दूसरी ओर भी नाली निर्माण के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा। पुलिया बंद करना विभागीय प्रावधान में नहीं है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि अनपरा नगर निकाय क्षेत्र के महाविद्यालय मार्ग पर नाली निर्माण की शिकायत की जानकारी मिली है। सहायक अभियंता को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।