सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी रोड पर कार के अंदर से चार लाख रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। घटना दो दिन पुरानी है। शनिवार को पीड़ित ने जिले में आए मंत्री से इसकी शिकायत की तो पुलिस हरकत में आई। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के काेलुहा रैइया निवासी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि 22 फरवरी को उसने पीएनबी राबर्ट्सगंज शाखा से चार लाख रुपये निकाला। रुपये से भरे बैग को अपनी कार में रखने के बाद वह अपने मित्र के काम से कचहरी में गया। गाड़ी लॉक कर बाहर खड़ी कर दी थी। जब वापस लौटा तो कार का शीशा खुला हुआ था और सारे रुपये गायब थे। कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को मंत्री दयाशंकर मिश्र से मिलकर फरियाद लगाई। मंत्री के निर्देश पर कोतवाली पुलिस छानबीन में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।