सोनभद्र। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर 22 जनवरी को भक्तिमय माहौल बनाने में अफसर भी लगे हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन और रामायण पाठ कराए जा रहे हैं। बसों व सार्वजनिक स्थलों पर रामधुन बजाई जा रही है। अब इस दिन शराब की दुकानों को भी पूर्णतया बंद रखने का आदेश दिया गया है।
डीएम चंद्र विजय सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में कानून व्यवस्था और लोकशांति बनाए रखने के उद्देश्य से आबकारी अधिनियम की धारा-59 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के तहत 22 जनवरी को जिले की सभी देसी-विदेशी शराब, बीयर और ताड़ी की दुनानों को बंद रखा जाएगा। इसी तरह गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को भी सभी लाइसेंसी शराब, बीयर, ताड़ी की दुकानें व मॉडल शाॅप बंद रखे जाएंगे। इसके बदले लाइसेंसधारकों को किसी तरह का प्रतिफल देय नहीं होगा।