शक्तिनगर-वाराणसी हाईवे पर परिवहन के दौरान गिरे राख से उड़ती धूल। संवाद
अनपरा। एक तरफ गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है तो दूसरी तरफ हवा में प्रदूषण का स्तर भी काफी बढ़ गया है। तीन दिनों से अनपरा-सिंगरौली परिक्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार चल रहा है। यह दिल्ली के एक्यूआई 200 से भी ज्यादा है।
अति प्रदूषित क्षेत्रों में शुमार अनपरा-सिंगरौली परिक्षेत्र की हवा कोयला खदानों और तापीय परियोजनाओं से निकलने वाले राख-कोल परिवहन के कारण प्रदूषित रहती है। एनजीटी और जिला प्रशासन की ओर से परियोजनाओं को वायु प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं, मगर कोल व राख का नियम विरुद्ध परिवहन व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है।
मई की शुरुआत में क्षेत्रों की एक्यूआई 74 थी, लेकिन 15 को यह 200 के पार हो गई। 21 को यह 375 पहुंच गई। 22 को 364 और 23 मई को 333 दर्ज की गई। बीते दो दिनों से दिल्ली का एक्यूआई 200 के अंदर ही है।