सोनभद्र। आदिवासी बहुल जिले के इंजीनियरिंग कॉलेज में अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) के विशेषज्ञ तैयार होंगे। यहां मशीन लर्निंग की भी पढ़ाई होगी।
भविष्य की जरूरतों को देखते हुए चुर्क स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में दो नए ब्रांच शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया। शुरुआती दौर में 30-30 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। नए सत्र से दोनों ब्रांच में दाखिला शुरू होने की उम्मीद है।
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में अभी कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और माइनिंग इंजीनियरिंग की पढ़ाई होती है। तेजी से बदलती तकनीकी जरूरतों को देखते हुए अब इनके साथ नए कोर्स को भी लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मौजूदा समय में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की उपयोगिता तेजी से बढ़ रही है। हर क्षेत्र में एआई विशेषज्ञों की मांग में इजाफा हुआ है। सरकारी व गैर सरकारी दोनों ही क्षेत्रों में ऐसे इंजीनियरों की जरूरत है, जो एआई, ऑटोमेशन, चिप डिजाइन जैसे नई तकनीकों में दक्ष हों।
इसी को ध्यान में रखते हुए कॉलेज में ऐसे पाठ्यक्रम लाने की पहल की जा रही है, ताकि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी जॉब के लिए पूरी तरह तैयार रहें। नए सत्र से एआई और मशीन लर्निंग की पढ़ाई के लिए कॉलेज प्रशासन ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया है। वहां से सकारात्मक संकेत भी मिले हैं।
इसके आधार पर नए सत्र से दोनों कोर्स को चालू करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। नए कोर्स शुरू होने से छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ बेहतर प्लेसमेंट के अवसर भी मिलेंगे।
साथ ही, स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होने से अन्य शहरों की ओर पलायन भी कम होगा।