बभनी। थाना क्षेत्र के बहेराडोल चौना गांव में सोमवार को चारपाई पर मृत मिले व्यक्ति की मौत का रहस्य गहरा गया है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की शाम शव घर पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा करते हुए दाह संस्कार से इन्कार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर राजी किया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के बहेराडोल गांव निवासी रमाशंकर (48) की मौत हो गई थी। उसका शव सोमवार की सुबह घर में चारपाई पर मिला था। पत्नी राजकुमारी अपनी बेटी को लेकर मायके में गई थी। रमाशंकर के साले ने सबसे पहले शव देखा था। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। रमाशंकर का पुत्र संतलाल हैदराबाद में काम करता है। वह बुधवार की सुबह घर पहुंचा। पत्नी ने शव घर पर रखकर अंतिम संस्कार से इन्कार करते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल बुधवार की सुबह से परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देते रहे, लेकिन महिला और उसके भाई शव जलाने से इंकार करते रहे। काफी प्रयास के बाद बुधवार की सुबह 11 बजे पुलिस के समझाने और दो दिनों में मामले का खुलासा के आश्वासन पर परिजन दाह-संस्कार के लिए राजी हुए। एसओ ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।