सिंगरौली में अडानी के पावर प्लांट परिसर में लगाई गई आग को बुझाने की कोशिश करते कर्मी।स्रोत जागर
शक्तिनगर (सोनभद्र)। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में स्थित अडानी समूह के महान पावर प्लांट में कार्यरत एक संविदा कर्मचारी की मौत के बाद शनिवार सुबह प्लांट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मजदूरों ने प्लांट के अंदर तोड़फोड़ और आगजनी की। हालात बिगड़ते देख भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। कंपनी प्रबंधन लगातार श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
महान परियोजना में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत ललन राम (38) शुक्रवार शाम अपनी शिफ्ट पूरी कर घर पहुंचे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल कंपनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल बैढ़न रेफर कर दिया। वहां उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सहकर्मियों और परिजनों में शोक छा गया। शनिवार को जब पावर प्लांट में सुबह की शिफ्ट में पहुंचे श्रमिकों को इसकी जानकारी हुई तो वह उग्र हो गए। बताते हैं कि मजदूरों के बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि किसी हादसे में मजदूर की मौत हुई है और कंपनी प्रबंधन इसे छिपाने की कोशिश कर रहा है। इसी अफवाह से नाराज मजदूर भड़क उठे और परियोजना क्षेत्र में हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए मजदूरों ने ठेकेदार के कार्यालय में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। प्लांट परिसर में आग और धुएं का गुबार उठने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। अधिकारियों की ओर से श्रमिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने भी बयान जारी कर दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रबंधन लगातार श्रमिकों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल प्लांट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एसपी मनीष खत्री के निर्देशन में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मजदूर की हार्ट अटैक से मौत पर फैलाई गई अफवाह की वजह मजदूर आक्रामक हो गए और तोड़फोड़ आगजनी की। अभी स्थिति सामान्य हो गई है। -शैलेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, महान एनर्जी लिमिटेड, सिंगरौली।
सिंगरौली में अडानी के पावर प्लांट परिसर में लगाई गई आग को बुझाने की कोशिश करते कर्मी।स्रोत जागर