सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि उसका इंस्ट्राग्राम के जरिए एक युवक से संपर्क हुआ। बाद में दोनों मोबाइल नंबर के माध्यम से बातचीत करने लगे और फिर उनका मिलना जुलना भी तेज हो गया। आरोप है कि गत सितंबर में शादी का झांसा देकर युवक ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर उससे संबंध बनाना चाहा। युवती ने इंकार कर दिया तो आरोपी ने वीडियो वायरल कर दिया। इसके बाद उसे और उसके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक शिल्पी निवासी आशीष कुमार, उसके पिता अशोक कुमार व बड़े पिता राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
थाना प्रभारी शिवप्रताप वर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।