सीमा से सटे मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सरई थाना क्षेत्र के झारा मेला परिसर में शनिवार की शाम एक महिला हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गई। महिला को टॉवर पर खड़ा देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। । सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और विद्युत निगम की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिया।
एसडीओपी गायत्री त्रिपाठी के अनुसार, युवती पति के साथ मेला घूमने आई थी। मेले में दाेनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। नाराज महिला काफी देर तक टावर पर खड़ी रही और नीचे उतरने से इन्कार कर रही थी। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। महिला को समझाने का प्रयास किया। उसके टॉवर पर चढ़ने के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच सरई थाना पुलिस कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने एहतियातन बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया। इससे पहले शुक्रवार को जियावन थाना क्षेत्र के धनहा गांव में भी एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।