बार एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिले के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को संबोधित 23 सूत्री ज्ञापन एडीएम सहदेव मिश्र को सौंपा।
सोनभद्र बार एसोसिएशन की अध्यक्ष पूनम सिंह और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे वक्ताओं ने अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान न होने पर नाराजगी जताई।
कहा कि सोनभद्र की अदालतें अस्थाई भवन में संचालित हो रही हैं। भवन काफी जर्जर हो चुके हैं। अस्थाई भवन में संचालित होने की वजह से अधिवक्ताओं को बैठने, शेड, पेयजल आदि की समस्या के कारण न्यायिक कार्य करने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
वर्षा ऋतु में न्यायालय परिसर में बरसात का पानी भर जाता है, जिससे वादकारियों, अधिवक्ताओं व न्यायालय कर्मचारियों एवं न्यायिक अधिकारियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
कहा कि अगर शीघ्र मांगों पर कार्रवाई नहीं होती तो अधिवक्ता संघ आंदोलन को बाध्य होगा। प्रदर्शन में राजीव सिंह गौतम, सलीम कुरैशी, सुरेंद्र कुमार पांडेय, राकेश शरण मिश्र, सत्यदेव पांडेय, शारदा प्रसाद मौर्य, योगेश द्विवेदी, अरुण कुमार सिंघल आदि शामिल रहे।