दुद्धी में नामित सभासद को शपथ दिलाते एसडीएम दुद्धी निखिल यादव-संवाद
सोनभद्र/चोपन/डाला। नगर पालिका परिषद सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज) के साथ ही नगर पंचायत चोपन और डाला बाजार कार्यालय परिसर में सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल की तरफ से मनोनीत सभासदों को शपथ ग्रहण कराया गया।
नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे सदर एसडीएम अश्विनी सिंह ने मनोनीत सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
यहां संजय श्रीवास्तव, ध्रुवकांत द्विवेदी, रमेश जायसवाल, सरोज केशरी, राजबहादुर सिंह पटेल ने शपथ ली। चोपन नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित समारोह में मनोनीत सभासद राजन जायसवाल, घनश्याम चौधरी एवं राजेश अग्रहरि ने शपथ ग्रहण की।
मुख्य अतिथि रहे समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और विकास कार्यों को प्राथमिकता दें। शपथ ग्रहण की औपचारिकता उपजिलाधिकारी कलेक्ट्रेट प्रदीप यादव ने संपन्न कराई।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि पार्टी की तरफ से मनोनीत किए गए सभासद संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसी तरह डाला बाजार नगर पंचायत के मनोनीत सभासदों को भी शपथ ग्रहण कराया गया।
दुद्धी में नामित सभासद को शपथ दिलाते एसडीएम दुद्धी निखिल यादव-संवाद