स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने पर चालक और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्कूलों में बच्चों के आवागमन में इस्तेमाल होने वाले ऑटो, टोटो, वैन, बस समेत अन्य वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने अपने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो, टोटो, वैन और बसों की जांच की गई। वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों और प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि विद्यालय से संचालित या अनुबंधित सभी वाहनों का समय-समय पर सत्यापन कराया जाए। प्रत्येक वाहन में फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध परमिट, बीमा, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए।
पुलिस ने वाहन संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सुरक्षा मानकों का नियमित पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि सभी विद्यालयों और स्कूली वाहनों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।