सोनभद्र। फसल अपशिष्ट न जलाए जाने के संबंध में जिला एवं तहसील स्तरीय अनुश्रवण समिति की शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने पराली न जलाए जाने के संबंध में एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने पराली जलाए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित किसान का हार्वेस्टर सीज करने की हिदायत भी दी।
उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर पराली न जलाए जाने के संबंध में लेखपालों के माध्यम से जागरूकता बैठक करें। किसानों को हार्वेस्टर से धान की फसल की कटाई के लिए जागरूक करें। इसके बाद भी पराली जलाई जाती है, तो संबंधित व लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से कृषि विभाग के कार्मिकों को भी जिम्मेदारी देते हुए पराली न जलाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम के अलावा सीडीओ अमित पाल शर्मा, सभी एसडीएम, बीडीओ व कई अन्य लोग मौजूद रहे।