सार्वजनिक वितरण प्रणाली में डोर स्टेप डिलीवरी के आदेश का पालन न होने से खफा होकर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में कोटेदार संघ न्यायालय की शरण में जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय कुमार राय ने डीएम को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि शासन स्तर से जारी सार्वजनिक वितरण प्रणाली में डोर स्टेप डिलीवरी के आदेश का पालन नहीं हो रहा है। इससे कोटे के दुकानदारों का शोषण हो रहा है।
कोरोना काल में शासन के आदेश पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली में लगे दुकानदार सरकार की मंशा के अनुरूप खाद्यान्न वितरित करते रहे। इस दौरान जिले के कई विक्रेता संक्रमित हुए। इसके बावजूद न तो उन्हें कोरोना योद्धा घोषित किया गया और ना ही कोई मुआवजा नीति की घोषणा की गई। उन्होंने लिखा है कि जिन सक्षम अधिकारियों द्वारा शासनादेश के तहत डोर स्टेप डिलीवरी के आदेशों का पालन नहीं किया गया है उनके ऊपर शासनादेश की अवहेलना का मुकदमा दर्ज कराते हुए कठोर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में म्योरपुर ब्लॉक के आपूर्ति निरीक्षक रामलाल का कहना है कि अभी डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था राबर्ट्सगंज के आंशिक क्षेत्र व चतरा ब्लॉक में शुरू की गई है। जल्द ही अन्य ब्लॉक में भी शुरू की जाएगी।