सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित आवास पर शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल ने ओबरा तहसील के एक प्रशासनिक अफसर पर व्यवसायियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने अफसर पर धन उगाही का आरोप लगाया। कहा कि रुपये न देने पर व्यापारियों को उत्पीड़नात्मक कार्रवाई करने की धमकी मिल रही है। इस मामले में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग भी की है।
प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि सरकार से व्यापारियों द्वारा ली गई सीसी सीमा का ब्याज तीन माह तक का माफ करें। बड़े-बड़े कार्पोरेट घराने आनलाइन ट्रेडिंग के द्वारा करोड़ों-अरबों रुपये की बिक्री प्रतिदिन कर देश के खुदरा व्यापार को चोट पहुंचा रहे हैं। जीएसटी कमिश्नर द्वारा एसआईवी छापों की घोषणा की गई है। व्यापार मंडल इसका कड़ा विरोध करता है। बैठक में व्यापारियों ने मांग की कि जीएसटी, आयकर, टीडीएस, रिटर्न देर से जमा करने पर पेनाल्टी ब्याज और जुर्माना माफ किया जाए। लॉकडाउन के समय का बिजली का बिल पूरी तरह माफ हो। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों की दुकान का किराया निरस्त करते हुए हाउस टैक्स माफ किया जाए। कहा कि नवीन मंडी स्थलों के अंदर कारोबार करने वाले व्यापारियों का मंडी शुल्क समाप्त किया जाए। सरकार से मांग की कि टोल टैक्स में 50 प्रतिशत की कटौती की जाए। रतन लाल गर्ग, सत्यपाल जैन, विमल अग्रवाल, कौशल शर्मा आदि मौजूद रहे।