तकिया गांव के पास हुए हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
सोनभद्र के सुकृत चौकी क्षेत्र के तकिया गांव के समीप वाराणसी - शक्तिनगर मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम 7.30 बजे एक बल्कर (राख का टैंकर) पुलिया को तोड़ते हुए पलट गया। उस वक्त पुलिया पर आसपास के गांवों के छह-सात लोग बैठे हुए थे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि बल्कर चालक सहित तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस बल्कर चालक को ग्रामीणों के गुस्से से बचाकर चौकी ले गई है। घटनास्थल पर अंधेरा होने के चलते जेसीबी से बल्कर हटाने में दिक्कत होने पर रात पौने नौ बजे क्रेन मंगाई गई। क्रेन आने से कुछ देर पहले लोहरा निवासी 15 वर्षीय छोटू पुत्र रमेश सोनकर और तकिया गांव निवासी 18 वर्षीय संदीप पुत्र प्रेमी के शव निकाल लिए गए थे।
दो अन्य तकिया गांव निवासी दिव्यांश (17) पुत्र लल्लन व दीपचंद (22) पुत्र अर्जुन को गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर वाले ट्रामा सेंटर बीएचयू लेकर रवाना हो गए। बल्कर के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है।