उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ लिया गया है। वह अपने भाई की जगह पर पेपर देने आया था। उसने बताया कि इससे पहले भी वह चार बार ऐसा कर चुका है। उसने अपनी गलती स्वीकर की है।
सोनभद्र के मुड़िलाडीह स्थित नन्हकूराम पीजी काॅलेज में बीए की परीक्षा के दौरान गुरुवार को एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। वह अपने भाई की जगह परीक्षा में बैठा था। उसके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
कॉलेज के सह प्रबंधक अमित चौबे ने बताया कि गुरुवार की सुबह पहली पाली में बीए चतुर्थ सेमेस्टर के शिक्षा शास्त्र की परीक्षा थी। कक्ष निरीक्षक विवेक पांडेय तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान परीक्षा दे रहे एक छात्र की गतिविधियां संदिग्ध मिली।
निरीक्षक ने उसका नाम पूछा तो पहले अपना नाम शिवम बताया, जबकि वह संगम की जगह परीक्षा में बैठा था। गलती का अहसास होते ही तुरंत वह दूसरा नाम संगम बताने लगा। आंतरिक सचल दल की जांच में हस्ताक्षर में भी गड़बड़ी मिली। परीक्षा केंद्र प्रभारी ने विश्वविद्यालय से पत्राचार किया है।
विज्ञापन
आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि अपने भाई की जगह पहले भी चार पेपर की परीक्षा दे चुका है। आंतरिक सचल दल के सदस्य रमाकांत दुबे, सहायक केंद्राध्यक्ष डॉ. ओमशंकर तिवारी ने उसके विरुद्ध कार्रवाई की।