दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव स्थित रेलवे गेट संख्या 62 के समीप शनिवार सुबह एक युवक कोयला लदी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक का दाहिना पैर कट गया। बांया पैर भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को हालत नाजुक होने के कारण वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे गढ़वा रोड से चोपन की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी को सिग्नल न मिलने के कारण दुद्धी नगर स्टेशन के पहले धनौरा गांव के पास रोक दिया गया था। इस दौरान कुछ ग्रामीण मालगाड़ी पर चढ़कर कोयला उतारने लगे। इसी बीच ट्रेन को सिग्नल मिलते ही अचानक गति मिल गई।
इसी अफरा-तफरी में कोयला निकाल रहे शिवपूजन (20) पुत्र शत्रु निवासी धनौरा, का पैर फिसल गया और ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसका दाहिना पैर कट गया। बाएं पैर में गंभीर चोट आई है।
आनन-फानन युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां डॉक्टर राजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर बताते हुए उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।