सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के घुवास गांव मेें रविवार की रात रेलवे ट्रैक पर खड़े मवेशियों को हटाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक शिनाख्त राजू चौरसिया (34) के रूप में हुई। राबट्र्सगंज से वह राजगीर मिस्त्री का काम करके अपने घर जा रहा था। रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस शव का पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई।
जानकारी के अनुसार घुवास का रहने वाला राजू राजगीर मिस्त्री का काम कर घरवालों का खर्च चलाता था। रविवार की रात करीब 11 बजे वह राबट्र्सगंज में नवनिर्मित एक मकान के छत की ढलाई करा कर अपने घर लौट रहा था। अभी वह घर के समीप रेलवे ट्रैक पर पहुंचा ही था कि एक मालगाड़ी आती दिखी। उसने ट्रैक पर खड़े मवेशियों को हटाने का प्रयास करने लगा। उसी वक्त ट्रेन की चपेट में राजू आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन के जाने के थोड़ी ही देर बार राजू के घरवालों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। उधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। रात में ही पुलिसकर्मी शव जिला अस्पताल ले गए। मृतक के भाई गुड्डू ने बताया राजू को आठ वर्षीेय बेटा आशू और पांच वर्षीय बेटी पम्मी है। रेलवे लाइन से मवेशियों को हटाते वक्त ट्रेन के धक्के से राजू की जान चली गई। उधर मृतक की पत्नी मालती, मासूम दोनों बच्चे समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। सोमवार को पुलिस ने शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।