बभनी क्षेत्र में कुएं में गिरने से मृतक- राजकुमार(फाइल फोटो)स्रोत परिजन
बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के चीकूटोला गांव में मंगलवार को दोपहर बाद बाइक समेत राजकुमार (18) कुएं में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
चीकूटोला निवासी आदित्य कुमार का बेटा राजकुमार अपने कुएं पर मोटर चलाकर बाइक की धुलाई कर रहा था। इस बीच बाइक अचानक कुएं में जाने लगी। उसने बाइक का हैंडिल पकड़ लिया, लेकिन बाइक संभल नहीं पाई और बाइक सहित वह कुएं में गिर गया। कुएं में से उसे बाहर निकाला गया और सीएची बभनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत के बाद घर में चीख-पुकार शुरू हो गई। मां की हालत गंभीर होती जा रही है वह बेहोश हो जा रही है। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है इसके साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताते चलें कि राजकुमार अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। राजकुमार की मौत ने परिवार को झकझोर दिया है। बेटे की मौत से पिता के मुंह से बोली नहीं निकल रही है तो माता बेटे के गम में रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वह बेटे की गम में बेहोश हो जा रही है।