मैन ऑफ द मैच का पुरस्का लेता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : संवाद
ओबरा। नगर के गांधी मैदान में चल रही 23वीं सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत रविवार को बनारस पॉली क्लीनिक सोनभद्र इलेवन और नाइन स्टार ओबरा के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। कांटे की टक्कर वाले इस मैच में सोनभद्र इलेवन ने नाइन स्टार ओबरा को एक रन से हराकर जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि ओबरा थाना प्रभारी सदानंद राय और क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। निर्धारित 25 ओवर के मुकाबले में सोनभद्र इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
टीम ने 24.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 178 रन बनाए। सोनभद्र इलेवन की ओर से धनंजय ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली। कुमार सानू ने 30 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाकर 36 रन जोड़े।
नाइन स्टार ओबरा की ओर से अमित शर्मा ने पांच ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि टियर्स कुमार ने पांच ओवर में 40 रन देकर दो विकेट लिए। 179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइन स्टार ओबरा की टीम निर्धारित 25 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी।
टीम की ओर से आर्यन राज ने 62 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए 77 रन की शानदार पारी खेली। विवेक ने 44 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 52 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
सोनभद्र इलेवन के गेंदबाज पंकज ओझा ने पांच ओवर में 22 रन देकर चार विकेट चटकाए और जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीरज भाटिया ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। मुकाबले में निर्णायक की भूमिका रोशन सिंह और सोनू राय ने निभाई।