कस्बे के लीलासी मोड़ पर स्थित सराफा की दुकान से एक महिला शुक्रवार को हजारों रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर भाग गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित सराफा व्यवसायी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
म्योरपुर निवासी सराफा व्यापारी रवि सोनी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच उनके पिता राजेंद्र प्रसाद दुकान पर बैठे थे। तभी एक महिला दुकान पर आई और सोने के कुंडल, बिछिया, पायल समेत कई आभूषण दिखाने को कहा। महिला ने कुछ आभूषण पसंद किए और बिल बनाने के लिए कहा। जब राजेंद्र प्रसाद बिल बनाने में व्यस्त हो गए तो महिला आभूषण लेकर दुकान से भाग गई। बाद में जब रवि सोनी दुकान पर पहुंचे और स्टॉक चेक किया, तो उन्हें सोने के कुंडल, बिछिया, पायल और अन्य आभूषण गायब मिले। इसके बाद उसने दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें महिला आभूषण लेकर जाती हुई दिखाई दी। शिकायत में चोरी हुए आभूषणों की कीमत हजारों रुपये बताई गई है। फुटेज में हरकतें कैद होने के बावजूद महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है।