घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भैंसवार गांव में शनिवार को किसी विषैले जंतु के काटने से एक महिला की मौत हो गई।परिजन उसे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार भैंसवार गांव निवासी प्रतिभा मौर्या (36) पत्नी अजीत मौर्या शनिवार दोपहर करीब दो बजे गांव में ही किसी खेत में पशुओं के लिए घास काटने गई थी।घास काटने के दौरान किसी विषैले जंतु ने उसे काट लिया। विषैले जंतु के जहर के प्रभाव से उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गई।
आनन फानन में परिजन उसे निजी साधन से घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।इसके बाद पुलिस को बगैर कोई सूचना दिए परिजन उसके शव को लेकर घर चले गए।
इस सम्बंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुन्नाप्रसाद ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे भैंसवार गांव की एक महिला को उसके परिजन सीएचसी ले आए,लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।उसके परिजनों ने उसे विषैले जंतु के काटने की बात बताई।