सोनभद्र। शादी कराने वाली वेबसाइट की मदद से नौकरीपेशा महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाने और फिर शादी कर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप लगाया गया है। तीन शिक्षिकाओं ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर एक शिक्षक पर आरोप लगाते हुए शिकायत की। प्रार्थना पत्र लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
शुक्रवार को दो शिक्षिकाएं चुर्क क्षेत्र स्थित एक स्कूल पहुंचीं। दोनों ने बताया कि इस स्कूल में तैनात एक शिक्षक ने उनसे शादी की है। इतना ही नहीं, आरोप लगाया कि उनका पति एक अन्य शिक्षिका से शादी कर साथ रहा रहा है। दोनों ने इसको लेकर हंगामा किया। मामले की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। शिक्षिकाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं। इस मामले में आरोपी चुर्क चौकी क्षेत्र निवासी व्यक्ति के खिलाफ एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद दोनों शिक्षिकाएं स्कूल की शादीशुदा शिक्षिका को भी लेकर कोतवाली पहुुंचीं।
पीड़ित एक महिला ने बताया कि वह शिक्षिका है। जून 2014 में शादी डॉट कॉम के माध्यम से उसकी शादी सोनभद्र निवासी व्यक्ति से हुई थी। उससे उन्हें एक बेटा भी है। शादी के बाद वह जब ट्रांसफर कराकर सोनभद्र आने की बात करती तो पति किसी न किसी बहाने टाल देता है। इस बीच उन्हें पता चला कि आरोपी ने चुर्क क्षेत्र निवासी एक स्कूल की शिक्षिका से भी शादी की है और उसी के साथ रहता है।
कोतवाली पहुंची संतकबीरनगर निवासी एक अन्य शिक्षिका ने भी इसी आरोपी से शादी होने की बात कही। बताया कि उसने 40 लाख का लोन भी कराया है। तीनों महिलाओं का आरोप है कि आरोपी पति ने सात से आठ नौकरीपेशा महिलाओं को धोखे में रखकर शादी की है। इसमें देवरिया, संतकबीरनगर, गोरखपुर जिले की महिलाएं शामिल हैं। आरोपी ने उनसे पैसे भी लिए हैं। महिला अपने भाई और पिता के साथ पहुंची थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अशोक कुमार मीणा ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।