सोनभद्र। कोरोना वायरस की तीसरी लहर में बच्चों के ज्यादा प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में तैयारी तेज कर दिया है। जिला अस्पताल परिसर में 50 बेड का कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है। बर्न यूनिट और ट्रामा सेंटर में बन रहे कोविड अस्पताल में कई सुविधाएं होंगी। इस दिशा में काम भी शुरू हो गया है। बच्चों को आक्सीजन की कमी न होने पाए इस लिए के अलग से ऑसीजन प्लांट लगाने की तैयारी है।
मार्च 2020 में आई पहली लहर के बाद लॉकडाउन लगा था। जुलाई के बाद कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी आई थी, लेकिन फरवरी 2021 में दूसरी लहर इतनी तेज आई कि कई लोगों ने अपनों को खो दिया। अब तीसरी लहर आने की बात कही जा रही है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि तीसरी लहर में बच्चे ज्यादा प्रभावित होंगे। बच्चे ही इस संक्रमण के कैरियर होंगे। ऐसे में बच्चों को बचाने के लिए, कोरोना को मात देने के लिए जिले के जिला संयुक्त चिकित्सालय में 50 बेड का कोविड वार्ड बनाया जा रहा है। इसमें 30 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई होगी। कुछ वेंटिलेटर वाले बेड भी होंगे। यहां आक्सीजन का अलग प्लांट लगाया जाएगा, जिससे 45 लीटर प्रति मिनट के हिसाब से ऑक्सीजन बनेगा। अभी यहां एक प्लांट लगा हुआ है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के कुमार ने बताया कि बच्चों के लिए जो कोविड वार्ड बन रहा है उसमें ऑक्सीजन सपोर्ट और वेंटिलेटर सपोर्ट की व्यवस्था होगी। ऑक्सीजन प्लांट के लिए नई मशीन आने वाली है।