हाथीनाला। हाथीनाला थाना क्षेत्र के जोगीडीह रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइन मंगलवार को बेलहत्थी गांव निवासी जगदीश (23) का क्षत विक्षत शव मिला। उसका एक पैर कट गया था। युवक ससुराल से घर लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे जोगीडीह रेलवे स्टेशन के पास लोगों ने रेल लाइन पर शव देखा तो हाथीनाला पुलिस को सूचना दी। शव की शिनाख्त कोड़रा बेलहत्थी निवासी जगदीश खरवार के रूप में हुई। पिता प्रहलाद खरवार ने बताया कि जगदीश अपनी ससुराल रजनी बड़वान टोला गया था। वहां से लौटते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। जगदीश को एक बेटा और चार बेटियां हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। एसओ भैया एसपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।