नीति आयोग और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को जिले के आकांक्षी ब्लॉक चतरा का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया। साथ ही सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को गति देने के लिए तकनीकी और आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद चतरा ब्लॉक में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों के नवाचारों की जानकारी ली।
टीम ने अइलकर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं व शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान बीएसए मुकुल आनंद पांडेय ने निपुण भारत अभियान के तहत किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण व्यवस्था का जायजा लिया।
दौरे के अंतिम चरण में टीम ने विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क का भ्रमण किया। पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने पार्क के भूवैज्ञानिक महत्व तथा पर्यटन विकास के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के प्रयासों की जानकारी दी।
इस दौरान जाइका की युमिको ओनिशी, अयुमी मियागावा, हितोमी हमदा, बिनाय पटनायक, मोहित सूद, नीति आयोग के गौरव कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
चतरा ब्लॉक के अईलकर गांव में पहुंची भारत और जायका की टीम। स्रोत जागरूक पाठक