वैनी। रायपुर थाना क्षेत्र के बनबहुआर गांव में सोमवार की सुबह घर में रखे रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव होने से आग लग गई। हादसे में दंपती, मासूम बेटी समेत परिवार के चार लोग झुलस गए। सभी को वैनी सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद माॅ-बेटी समेत तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे धर्मावती (30) पत्नी अखिलेश घर में खाना बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने गई थीं। इसी दौरान सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। इसकी चपेट में आने से धर्मावती झुलस गईं। घर में मौजूद उनकी दो वर्षीय पुत्री अन्नु और रिश्तेदारी में आई रामदुलारी (40) भी आग की चपेट में आ गईं। पत्नी और अन्य लोगों को बचाने के प्रयास में धर्मावती के पति अखिलेश (35) भी झुलस गए। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू किया और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद धर्मावती, अन्नू और रामदुलारी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।