अस्पताल से नवजात को मिली एक्सपायरी दवा को दिखाते परिजन। श्रोत परिजन
- फोटो : संवाद
सोनभद्र। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में मासूमों को बुखार की एक्सपायर दवा देने का मामला सामने आया है। यह दवा बच्चों को टीका लगने के बाद संभावित बुखार से बचाव के लिए दी जाती है। एक्सपायर दवा देने की शिकायत के बाद विभाग में खलबली मची है।
चतरा ब्लॉक के ओरगाई गांव निवासी अभिनंदन अपनी पत्नी के साथ अपने चार महीने के बच्चे शिवांश को टीका लगवाने के लिए पीएचसी चतरा पहुंचे थे। टीका लगाने के बाद स्टाफ ने बच्चे को बुखार की आशंका बताकर पैरासीटामाॅल सिरप दे दिया। परिजन जब घर में बच्चे को दवा पिलाने लगे तो उनकी नजर शीशी पर अंकित विवरण पर गई। उसमें उत्पादन तिथि जून 2023 और एक्सपायरी मई 2025 दर्ज थी। यानी दवा करीब छह महीने पहले ही एक्सपायर हो चुकी थी।
इससे घबराये परिजनों ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। बच्चे के चाचा अभिषेक पासवान ने आशंका जताई कि पीएचसी में पिछले कई महीनों से छोटे बच्चों को यही एक्सपायरी सिरप दिया जा रहा था। हालांकि यह दवा कितने बच्चों को दी जा चुकी है, यह स्पष्ट नहीं हुआ है।
इस संबंध में चतरा पीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश पटेल ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। किसने यह दवा दी, इस बारे में जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएमओ डॉ. पीके राय का कहना था कि यह गंभीर लापरवाही है। पीएचसी प्रभारी से मामले की जानकारी ली जाएगी। जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों ने बताया खतरनाक
विशेषज्ञों ने एक्सपायर दवा को बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक बताया है। उनके अनुसार एक्सपायर हो चुकी दवा बेअसर हो जाती है और उसके सेवन उल्टी, दस्त, एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। नवजातों में यह जोखिम और अधिक गंभीर होता है।