आकांक्षी नगर योजना में चयनित नगर पंचायत अनपरा में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की तैयारी है। इसके लिए 37 लाख का बजट शासन की ओर से स्वीकृत भी हो गया है। जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
इससे युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में काफी सहूलियत होगी। सरकार ने युवाओं के शिक्षास्तर को और सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश के सभी नगरों में डिजिटल लाइब्रेरी बना रही है।
इसी कार्यक्रम के तहत आकांक्षी नगर योजना में चयनित नगर पंचायत अनपरा ने शासन को नगर में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव भेजा था। नगर के वार्ड नंबर 18 स्थित पुराने नगर पंचायत कार्यालय को डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चयनित किया गया है।
लाइब्रेरी की क्षमता 50 बच्चों के बैठने की होगी। इसमें 25 कम्प्यूटर लगाए जाएंगे। लाइब्रेरी में फ्री वाईफाई की सुविधा होगी। लाइब्रेरी में ऑनलाइन उपलब्ध ई बुक्स की सब्सक्रिप्शन भी मुफ्त में दी जाएगी।
साथ ही लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए कोई फीस नही ली जाएगी। नगर पंचायत की ओर से इसकी निविदा करा दी है। अलगे महीने से काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।