उरमौरा स्थित जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में स्थापित बीएसए कार्यालय परिसर की बाउंड्री का नए सिरे से निर्माण शुरू हो गया है। अभी तक बाउंड्री जगह-जगह से टूटी होने के कारण परिसर में छुट्टा पशुओं के घुसने और हमले का खतरा होता है। जवाहर नवोदय विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग में वर्षों से बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय का संचालन किया जा रहा है। यह भवन काफी पुराना और जर्जर है। इसकी दीवारें दरक रही हैं। ऐसे में सालों से यहां खुद की जिंदगी को खतरे में डालकर कई 20 से अधिक कर्मी काम करते हैं।
भवन के गिरने और हादसे का खतरा बना रहता है। जिसको ध्यान में रखकर इस भवन के पीछे करीब दो करोड़ की लागत से नया बीएसए कार्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। तय समय गुजरने के बावजूद कार्यदायी संस्था समय से भवन का निर्माण नहीं करा सकी।
काम काफी सुस्त गति से चल रहा है। इससे बरसात के पहले विभाग को नया कार्यालय मिलना मुश्किल हो गया है। चेतावनी के बाद संबंधित संस्था की ओर से नए सिरे से बाउंड्री का निर्माण शुरू करा दिया गया है।
बाउंड्री जर्जर होने से हादसे का खतरा भी था। ऐसे में नये सिर से बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है। इससे परिसर की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
-मुकुल आनंद पांडेय, बीएसए।