कोन। स्थानीय थाना से महज 20 मीटर दूर बिजली खंभे से सटे स्टे तार में अचानक करेंट उतर जाने से पास में ही बर्तन धो रही एक महिला की चपेट में आने से मौत हो गई। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
थाने के पास की रहने वाली रीमा देवी (34) पत्नी अरुण जायसवाल अपने घर के दरवाजे पर शाम करीब चार बजे बर्तन धो रही थी। उसी जगह पास में ही बिजली का खंभा है और उससे सटा स्टे तार लगा हुआ है। तार में अचानक करेंट उतर आया और रीमा उसकी चपेट में आ गई। इससे कुछ देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों समेत आसपास के लोगों में कोहराम मच गया। परिजनों समेत ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि पोल से स्टे के सहारा लेकर दूसरे घरों के लिए केबिल से बिजली कनेक्शन खींचा गया था। इसके चलते स्टे तार में करेंट उतर गया। जबकि केबिल को हटाने के लिए बिजली विभाग व संबंधित उपभोक्ता को कई बार कहा जा चुका था लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है। उधर प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।