चोपन। सड़कों की गड्ढा मुक्ति और मरम्मत कार्य पर लाखों खर्च के बाद भी आम जनता को राहत नहीं मिल रही। कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी का हाल यह है कि 15-20 दिनों में ही सड़कें उखड़ने लग रही हैं। ताजा मामला चोपन ब्लॉक के भरहरी मार्ग का है। करीब 20 दिन पहले बनी सड़क पर जगह-जगह मोटी दरारें पड़ गई हैं। इससे लोगों में गुस्सा है।
चोपन से भरहरी जाने वाली इस सड़क का निर्माण अरसे बाद हुआ है। लोगों को उम्मीद थी कि अब अच्छी सड़क पर चलने का मौका मिलेगा। कुछ दिनों में ही यह उम्मीद टूटती दिख रही है। सड़क पर जगह-जगह मोटी दरारें पड़ने लगी हैं। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित जेई से की थी तो कहा था कि इसे ठीक करा दिया जाएगा, मगर फिर से रोड का हिस्सा अलग-अलग होने लगा।
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक सिर्फ काला मोबिल और महीन गिट्टी के घोल से सड़क की मरम्मत कराई गई है। मानक के अनुरूप कार्य न होने से यह स्थिति है। इस बाबत पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन शैलेश ठाकुर का कहना है कि कुछ जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। इसे ठीक करा दिया जाएगा। बताया कि मार्ग पर बालू लदे वाहनों की आवाजाही से ऐसी दिक्कत आ रही है। बालू लदे वाहनों से पानी सड़क पर गिरता है। पानी लगने से सड़क में दरारें आ रही हैं।