रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के चरकोनवां गांव में बुधवार की रात जमीन पर सो रहे दंपती को सांप ने डस लिया। इससे पति जीतू भारती (32) की मौत हो गई। वहीं, पत्नी निशा (28) की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दंपती के साथ आठ माह का बच्चा भी सो रहा था। वह सुरक्षित है। चरकोनवां गांव निवासी जीतू भारती परिवार के साथ बुधवार की रात जमीन पर सोया हुआ था। भोर में सांप ने दंपती को सांप ने डस लिया। इससे जीतू और उसकी पत्नी निशा की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी होने पर परिजन दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा ले गए, जहां से डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में दोनों की हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया, मगर परिजन उन्हें घर लेकर चले गए और झाड़फूंक कराने लगे।
बृहस्पतिवार की रात 10 बजे दोनों की हालत फिर गंभीर हो गई तो परिजन उन्हें लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जीतू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निशा को जिला अस्पताल भेज दिया। संवाद